Oneindia Mobile
New Videos here on ur Mozilla -Get them!
हामिद करज़ई बने रहेंगे राष्ट्रपति
मंगलवार, नवंबर 3, 2009, 7:45 [IST]

Karzai Obama
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफ़गानिस्तान में राष्ट्रपति हामिद करज़ई के चुनाव को वैध बताया है लेकिन साथ ही कहा है कि उन्हें भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कदम उठाने होंगे. राष्ट्रपति करज़ई के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत में उन्होंने करज़ई से अफ़गानिस्तान के लिए एक नए अध्याय की शुरूआत करने की अपील की.

अफ़गानिस्तान के राष्ट्रपति चुनाव काफ़ी विवादों में घिरे रहे और फ़ैसला तभी हुआ जब दूसरे उम्मीदवार अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने दूसरे दौर के चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया. ओबामा ने कहा कि उन्होंने करज़ई को उनके चुनाव पर बधाई दी.उनका कहना था कि चुनाव काफ़ी उलझा हुआ था लेकिन अंतिम परिणाम अफ़गानिस्तान के क़ानून के तहत ही था. ओबामा का कहना था,`` करज़ई ने मुझे आश्वासन दिया कि वो इस मौके की अहमियत को समझते हैं. लेकिन मैने उनसे यही कहा कि इसका सबूत उनके शब्दों से नहीं उनके काम से मिलेगा.’’

अफ़ग़ानिस्तान में पहले दौर का चुनाव 20 अगस्त को हुआ था और प्रारंभिक मतगणना में हामिद करज़ई की जीत पक्की बताई जा रही थी. लेकिन बाद में जाँच में चुनाव में व्यापक धाँधली के आरोपों को सही पाया गया जिसके बाद पहले दौर के चुनाव में कोई फ़ैसला नहीं हो पाया और तब दूसरे दौर के चुनाव की नौबत आई.ऐसा समझा जा रहा था कि दूसरे दौर का चुनाव करवाने से अफ़ग़ानिस्तान में पूरी चुनाव प्रक्रिया को लेकर कमज़ोर हुई साख को दुरूस्त किया जा सकेगा.

अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, अमरीकी सेनेटर जॉन केरी, ब्रिटिश प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन जैसे कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने करज़ई को दूसरे दौर का चुनाव करवाने के लिए राज़ी करवाने का प्रयास किया था जिसके बाद वे इसके लिए तैयार हो गए.पर करज़ई के विरोधी अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने आयोग के महत्वपूर्ण चुनाव अधिकारियों को हटाए जाने की माँग की थी. इस चुनाव आयोग को करज़ई समर्थक समझा जाता है. लेकिन ऐसा नहीं होने के बाद इस रविवार अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने ये कहते हुए चुनाव से हटने की घोषणा कर दी कि वे नहीं समझते कि दूसरे दौर का चुनाव निष्पक्षता से करवाया जा सकता है.



»Home »News  »Entertainment  »Currency  »Free Classifieds  »Cricket  »TV Schedules  »In Theatres  »Weather  »Languages  »Horoscope 

© Greynium Information Technologies Pvt. Ltd.