Oneindia Mobile
New Videos here on ur Mozilla -Get them!
बसपा नेता के खिलाफ डकैती का केस दर्ज
मंगलवार, नवंबर 3, 2009, 2:03 [IST]

BSP logo
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की जमीन पर जबरन कब्जा करने और गोदाम में लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने सत्तारुढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता, उनके चार सहयोगियों और अन्य 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज किया है।

जिले के कोतवाली प्रभारी श्रीकृष्ण कुमार ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि एफसीआई के प्रबंधक भारत सिंह की शिकायत पर सोमवार रात बसपा नेता और प्रखंड प्रमुख राहुल राठौर व उनके चार सहयोगियों के खिलाफ नामजद और 100 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 395, 397 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

100 लोगों के साथ मिलकर की लूटपाट

कुमार ने कहा कि फिलहाल अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

दर्ज शिकायत में बसपा नेता पर आरोप लगाया गया है कि वह हथियारों से लैस अपने सहयोगियों विजेन्द्र राठौर, शरद चेत, राज कुमार व राजू व 100 अज्ञात लोगों के साथ वह एफसीआई गोदाम आए और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की पिटाई की। इसके बाद उन्होंने गोदाम में तोड़फोड़ कर लूटपाट भी की। शिकायत में कहा गया है कि बसपा नेता ने एफसीआई की जमीन पर कब्जा करने के नीयत से पेड़ भी कटवाए।

कृष्ण ने बताया कि कोतवाली इलाके के भांवत रोड स्थित एफसीआई के गोदाम के समीप बसपा नेता का एक भूखंड है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से वह एफसीआई की कुछ जमीन को अपने भूखंड में शामिल करने का प्रयास करते रहे हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।



»Home »News  »Entertainment  »Currency  »Free Classifieds  »Cricket  »TV Schedules  »In Theatres  »Weather  »Languages  »Horoscope 

© Greynium Information Technologies Pvt. Ltd.