मंगलवार, नवंबर 3, 2009, 15:57 [IST]
रांची। आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक, कम से कम 2000 करोड़ की सम्पत्ति एकत्र करने के आरोपी झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को पेट दर्द की शिकायत के बाद मंगलवार को यहां एक निजी अस्पताल में दाखिल कर दिया गया।
उन्हें अपोलो अस्पताल के सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती किया गया है। अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा, "हम यह नहीं बता सकते कि उन्हें क्या परेशानी है। हम जांच कर रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह सकेंगे।"
दो सप्ताह पहले ऐसे ही पेट दर्द की शिकायत के बाद कोड़ा की शल्य क्रिया की गई थी। वह पिछले सप्ताह ही अस्पताल से घर लौटे थे जब आयकर विभाग ने उनके मकानों और अन्य संपत्तियों पर छापे मारने शुरू किए।
शनिवार को कोडा और उनके दो सहयोगियों के आठ विभिन्न शहरों में 70 ठिकानों पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापे मारे थे। जिसमें अधिकारियों को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि के गैर कानूनी लेन-देन के दस्तावेज बरामद हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।