मंगलवार, नवंबर 3, 2009, 16:33 [IST]
ढाका। बांग्लोदश के केंद्रीय बैंक-बांग्लादेश बैंक-ने ऑनलाइन भुगतान की शुरुआत कर एक नए युग में प्रवेश किया है। बैंक के नए कदम से अब ग्राहक क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन लेनदेन कर पाएंगे। बांग्लादेश बैंक ने फिलहाल छोटे स्तर पर इसकी शुरुआत की है।
बांग्लादेशी समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के अनुसार, "लोगों की परेशानियां अब खत्म हो गई। अब बाजार जाने के लिए ट्रैफिक जाम में समय बरबाद नहीं होगा। बिल भुगतान के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने की जरूरत नहीं है। अब सभी कुछ इंटरनेट पर संभव है।"
बांग्लादेश बैंक ने सभी वाणिज्यिक बैंकों के लिए इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उपभोक्ता बिल का भुगतान कर पाएंगे। बांग्लादेश बैंक के गवर्नर अतिउर रहमान ने कहा, "यह कदम ई-कामर्स और ऑनलाइन बैंकिंग के क्षेत्र में क्रांति लाएगा।"
इस नए कदम से किसी एक बैंक में दो खाते रखने वाले खाताधारियों को भी अपने दोनो खातों के बीच ऑनलाईन धन राशि स्थानांतरित करने की सुविधा मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।