Oneindia Mobile
Photo Gallery!
अमरीका में रिकॉर्ड बेरोज़गारी
शनिवार, नवंबर 7, 2009, 6:50 [IST]

Sp Unemployment
अमरीका में अक्तूबर के आंकड़ों के हिसाब से बेरोज़गारी की दर 10.2 प्रतिशत तक जा पहुँची है. वर्ष 1983 के बाद से पहली बार अमरीका में बेरोज़गारी की दर इस स्तर तक पहुँची है. सितंबर में बेरोज़गारी की दर 9.8 प्रतिशत थी. लेकिन 1,90,000 नौकरियाँ और जाने के बाद यह आंकड़ा और ऊपर जा पहुँचा है.

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि बेरोज़गारी का यह आँकड़ा आने वाले दिनों में आर्थिक चुनौतियों की ओर एक गंभीर इशारा है. उन्होंने कहा है कि हालांकि अर्थव्यवस्था की स्थिति सुधारने की दिशा में प्रयास हुए हैं लेकिन बेरोज़गारी की दर से यह दिखता है कि नौकरियों के अवसर पैदा करने के लिए और प्रयास करने होंगे.बेरोज़गारी के इन अनपेक्षित आँकड़ों से विश्लेषकों में निराशा है.

बेरोज़गारी

दिसंबर, 2007 में आर्थिक मंदी शुरु होने के बाद से अब तक अमरीका में बेरोज़गारों की संख्या में 82 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है. जबकि बेरोज़गारी की दर 4.9 प्रतिशत से बढ़कर 10.2 प्रतिशत तक जा पहुँची है. अक्तूबर में जिन क्षेत्रों में बेरोज़गारी बढ़ी है, उनमें निर्माण, उत्पादन और खुदरा बाज़ार है.

यह लगातार 22 वाँ महीना है, जब अमरीका में नौकरियाँ गई हैं. अमरीका में नौकरियों को लेकर आंकड़ा रखे जाने की शुरुआत 70 साल पहले हुई थी और तब से अब तक का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. अब अमरीका में इस बात को लेकर चिंता है कि बेरोज़गारी के इस आंकड़े से बाज़ार में उपभोक्ता अपने खर्चों में कटौती कर सकता है. बाज़ार में आने वाले इसी पैसे पर अमरीकी अर्थव्यवस्था का 70 प्रतिशत निर्भर करता है.

छह महीनों तक लगातार बेरोज़गार रहने वालों की संख्या बढ़कर 56 लाख तक जा पहुँची है, जो कुल बेरोज़गार लोगों की संख्या का 35.6 प्रतिशत है. राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उन्होंने बेरोज़गारों को मिलने वाली सहायता का विस्तार करने वाले एक विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और आने वाले दिनों में इस दिशा में और क़दम उठाए जा सकते हैं.

दूसरी ओर विश्लेषकों का कहना है कि तीसरी तिमाही में अमरीकी अर्थव्यवस्था मंदी से उबरती हुई दिखाई दे रही है लेकिन आर्थिक गतिविधियों में रोज़गार के अवसर पैदा होने का नंबर देर से ही आता है.



»Home »News  »Entertainment  »Currency  »Free Classifieds  »Cricket  »TV Schedules  »In Theatres  »Weather  »Languages  »Horoscope 

© Greynium Information Technologies Pvt. Ltd.